दंतेवाड़ा में राइफल साफ करते चली 2 गोलियां, CISF प्रधान आरक्षक की मौत

सीने में लगी गोली; बचेली कैंप की घटना, FSL और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कारण

दंतेवाड़ा। जिले के बचेली स्थित CISF कैंप में सर्विस राइफल की सफाई के दौरान अचानक दो राउंड फायर हो गए। गोली सीने में लगने से CISF के प्रधान आरक्षक दत्तात्राया (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल बचेली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना बचेली थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के मुताबिक प्रधान आरक्षक दत्तात्राया बचेली के 10-11 ए कैंप स्थित पोटाकेबिन नंबर-3 में अपनी AK-47 राइफल (बट नंबर 405) की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राइफल से दो गोलियां चल गईं। फायरिंग में उनके सीने पर गोली लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मर्च्यूरी में रखा शव, दंतेवाड़ा भेजा

घटना के तुरंत बाद जवान को अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। इसके बाद शव को NMDC बचेली की मर्च्यूरी में रखा गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल भेजा गया है। प्रधान आरक्षक दत्तात्राया महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन भी बचेली पहुंच गए।

FSL जांच और PM रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने कैंप पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। राइफल से किस परिस्थिति में फायर हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि FSL की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।

9 दिन पहले खैरागढ़ में भी चली थी गोली

गौरतलब है कि करीब 9 दिन पहले खैरागढ़ जिले के गातापार थाना क्षेत्र में CAF के एक जवान ने साथी जवान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक थप्पड़ मारने की बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी आरक्षक अरविंद गौतम ने सोते समय सोनवीर जाट पर सर्विस राइफल से फायरिंग की थी। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर राइफल जब्त की गई थी।

Exit mobile version