छत्तीसगढ़ में दो सड़क हादसे, 5 की मौत: रायपुर में 3, बिलासपुर में 2 की गई जान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल पांच लोगों की मौत हो गई। रायपुर के आरंग क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर पारागांव के पास एक कार बेकाबू होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे पोल से जा भिड़ी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में हर्ष कुमार देवांगन (21), राहुल देवांगन (20) और थानू सतनामी (22) शामिल हैं। मिथलेश धीवर (23) गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
आरंग पुलिस के अनुसार, चारों युवक महासमुंद अपने रिश्तेदार को छोड़कर लौट रहे थे। टाटा विस्ता (CG 04 HD 2156) के चालक ने पारागांव के पास वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार उछलकर पोल से जा भिड़ी और परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया और वाहन हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
वहीं, बिलासपुर में देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हुई। रतनपुर थाना क्षेत्र की घटना में रेलकर्मी मनहरण कमल (61) और बारात में शामिल होने जा रहे शिव धनुहार (35) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दूसरी बाइक पर सवार कृष्णा धनुहार गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसों के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हुई और पुलिस ने घटनास्थल पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर दोनों घटनाओं में तेज रफ्तार को मुख्य वजह माना जा रहा है। इन हादसों ने छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा की स्थिति पर चिंता बढ़ा दी है।





