StateNewsदेश - विदेश

बांग्लादेशी नेता उस्मान हादी हत्याकांड के दो आरोपी पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार

दिल्ली। पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष कार्यबल ने बांग्लादेश के नेता उसमान हादी की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ फैसल करीम मसूद (37) और आलमगीर हुसैन (34) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे और पश्चिम बंगाल के बोंगांव इलाके में छिपकर रह रहे थे।

जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी मेघालय सीमा के रास्ते भारत में घुसे थे। इसके बाद वे बोंगांव में छिपे हुए थे और सही मौका मिलने पर दोबारा बांग्लादेश लौटने की फिराक में थे। लेकिन पश्चिम बंगाल पुलिस की एसटीएफ को उनकी मौजूदगी की सूचना मिल गई। इसके बाद 7 और 8 मार्च की दरमियानी रात को छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार राहुल उर्फ फैसल करीम मसूद बांग्लादेश के पटुआखाली जिले का निवासी है, जबकि आलमगीर हुसैन ढाका का रहने वाला है। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया और रविवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि भारत में घुसने में किसी स्थानीय नेटवर्क की मदद तो नहीं मिली थी।

गौरतलब है कि उस्मान हादी पर 12 दिसंबर को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हमला हुआ था। वह रिक्शे से जा रहे थे तभी बाइक सवार हमलावर ने उन्हें गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें पहले ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में इलाज के लिए सिंगापुर भेजा गया, जहां 18 दिसंबर को उनकी मौत हो गई।

उस्मान हादी एक राजनीतिक कार्यकर्ता, लेखक और इस्लामी संगठन ‘इंकलाब मंच’ के प्रवक्ता थे। उनकी हत्या के बाद बांग्लादेश में कई दिनों तक विरोध प्रदर्शन और हिंसक घटनाएं भी हुई थीं।

Related Articles

Back to top button