भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 3 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास हुई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो ट्रक में फंस गई। उसे बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।
पुलिस के मुताबिक, सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नेशनल हाईवे-53 के रास्ते नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पिंपलगांव सड़क के पास बोलेरो की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में कितने लोग सवार थे, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। आसपास के लोग भी मदद के लिए मौके पर जुट गए। घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
दो जेसीबी की मदद से निकाला वाहन
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो ट्रक में फंस गई। पुलिस और बचाव दल ने क्रेन के साथ दो जेसीबी की मदद ली। काफी मशक्कत के बाद वाहन को ट्रक से अलग किया गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की परिस्थितियों और टक्कर की वजह की जांच की जा रही है।
एक दिन पहले नांदेड में 6 की मौत
महाराष्ट्र में सड़क हादसे का यह दूसरा बड़ा मामला है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को नांदेड जिले में नांदेड-भोकर रोड पर वैन और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत हुई थी। हादसे में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना शाम करीब 7 बजे सीताखंडी घाट के पास हुई। टाटा मैजिक वैन नांदेड से भोकर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से वैन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
