जनजातीय गौरव दिवस: 32 जिलों में मंत्री-सांसद और विधायक होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में CM साय करेंगे कार्यक्रम में शिरकत

रायपुर। जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के सभी 32 जिला मुख्यालयों में 16 से 18 नवंबर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन ने इन कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि रायपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे। अलग-अलग जिलों में उप मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

किस जिले में कौन होगा मुख्य अतिथि?

सामान्य प्रशासन विभाग की सूची के मुताबिक, कोरबा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और बालोद में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। कोरिया में रामविचार नेताम, दंतेवाड़ा में केदार कश्यप, गरियाबंद में दयालदास बघेल, मुंगेली में लखनलाल देवांगन, राजनांदगांव में श्याम बिहारी जायसवाल और धमतरी में टंकराम वर्मा कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जशपुर में ओपी चौधरी, बलरामपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में गजेंद्र यादव, सक्ती में गुरु खुशवंत साहेब और नारायणपुर में राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे।

सांसद और विधायक भी संभालेंगे जिम्मेदारी

बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, दुर्ग में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पांडेय, सरगुजा में चिंतामणि महाराज और महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि होंगी। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राधेश्याम राठिया, जांजगीर-चांपा में कमलेश जांगड़े, सुकमा में महेश कश्यप, कांकेर में भोजराज नाग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में देवेंद्र प्रताप सिंह और बेमेतरा में लक्ष्मी वर्मा कार्यक्रम में शामिल होंगे।

बीजापुर में विधायक विक्रम उसेंडी, कोंडागांव में लता उसेंडी, बस्तर में किरण देव, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में रेणुका सिंह, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में प्रणव कुमार मरपच्ची और सूरजपुर में भूलन सिंह मरावी मुख्य अतिथि होंगे।

अतिथियों के परामर्श से तय होंगे कार्यक्रम

शासन ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों का आयोजन संबंधित मुख्य अतिथि के परामर्श से तय किया जाए। आदिम जाति विकास विभाग के निर्देशों के अनुसार आयोजन की जरूरी तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। जनजातीय गौरव दिवस 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाएगा।

↑
Exit mobile version