एयरपोर्ट पर स्वच्छता दीदियों ने किया स्वागत; लगातार दूसरे साल तीनों निकायों को राष्ट्रीय सम्मान
रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करने के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव और रायपुर, बिलासपुर व बिल्हा के निकाय प्रमुख शुक्रवार को रायपुर लौटे।
एयरपोर्ट पर सैकड़ों स्वच्छता दीदियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। पारंपरिक लोकनृत्य और गाजे-बाजे के साथ पुरस्कार लेकर लौटे प्रतिनिधिमंडल का अभिनंदन किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में इन निकायों को सम्मानित किया था।
इस उपलब्धि पर अरुण साव ने तीनों निकायों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने लगातार दूसरे साल स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान कायम रखी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियों का योगदान
साव ने कहा कि प्रदेश में 9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियां घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण और लोगों को जागरूक करने का काम कर रही हैं। शहरों को साफ रखने में सफाई मित्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। राष्ट्रीय पुरस्कार उनके परिश्रम का भी सम्मान है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल कुछ शहरों को पुरस्कार दिलाना नहीं, बल्कि प्रदेश के हर नगरीय निकाय को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाना है। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा की उपलब्धि दूसरे शहरों को भी बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करेगी।
बिल्हा फिर देश में पहले स्थान पर
स्वच्छता के क्षेत्र में बिल्हा ने अपनी श्रेणी में देश में पहला स्थान बरकरार रखा है। बिलासपुर ने देश के सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट वाले शहरों में दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं, राजधानी रायपुर को इस बार राज्य के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला है। इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में रायपुर को ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ का सम्मान मिला था।
तीनों निकायों की महापौर मीनल चौबे, पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे भी पुरस्कार लेकर लौटे प्रतिनिधिमंडल में शामिल थीं।
