रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल नहीं हो सके। कोहरे के कारण उनका हेलिकॉप्टर जिंदल एयरपोर्ट के रनवे पर लैंड नहीं कर पाया।
खराब मौसम और कम दृश्यता के चलते लैंडिंग में परेशानी आई। वहीं, कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए हैं। दोनों नेताओं ने समारोह में शिरकत की।
दशहरा मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी रायपुर पहुंच चुकी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। वे रायगढ़ पहुंच गए हैं। नितिन नवीन सुबह करीब 10:20 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंची।
आदिवासी बहुल धरमजयगढ़ में हो रहे इस आयोजन को सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। इसकी वजह यह है कि धरमजयगढ़ विधानसभा सीट पर पिछले तीन चुनावों से कांग्रेस का कब्जा है। ऐसे में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी को इस क्षेत्र में पार्टी की सक्रियता और आदिवासी समाज के बीच पहुंच बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की दिखेगी झलक
कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रवेश से पहले लोगों की जांच की जा रही है। समारोह में आदिवासी नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र हैं।
मंच पर कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरव, इतिहास, परंपराओं, लोकगीतों, भाषाओं और सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देना है।
स्मृति ईरानी ने रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
कांग्रेस ने लगातार तीन चुनाव जीते
धरमजयगढ़ विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित है। रायगढ़ जिले का यह क्षेत्र आदिवासी बहुल होने के कारण राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच लंबे समय से मुकाबला रहा है।
पिछले पांच विधानसभा चुनावों के नतीजों पर नजर डालें तो शुरुआती दो चुनावों में BJP ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद कांग्रेस ने लगातार तीन चुनाव जीतकर इस सीट पर अपना कब्जा बनाए रखा। मौजूदा विधायक भी कांग्रेस से हैं। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यहां पहुंचना और राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होना स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से अहम है।
हालांकि जनजातीय गौरव दिवस का मूल उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देना है। इस आयोजन के जरिए सरकार और संगठन जनजातीय समाज के बीच अपनी योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों को भी सामने रख रहे हैं।
कौन थे भगवान बिरसा मुंडा?
भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। मुंडा जनजाति में जन्मे बिरसा मुंडा को आदिवासी समाज धरती आबा यानी धरती का पिता कहकर सम्मान देता है। उन्होंने अंग्रेजी शासन और शोषणकारी जमींदारी व्यवस्था के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित किया था।
जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के खिलाफ नहीं था, बल्कि आदिवासी समाज को सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने से भी जुड़ा था।
9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया। उनके संघर्ष और बलिदान को सम्मान देने के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।
सुरक्षा में 900 पुलिसकर्मी तैनात
समारोह में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए करीब 900 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। इनमें 10 ASP और 24 DSP को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मुख्य कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 जवान तैनात रहेंगे। VIP, मीडिया, शासकीय कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए 10 अलग-अलग पार्किंग बनाई गई हैं। इसके अलावा चार कटऑफ पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। 15 नवंबर को सुबह 4 बजे से धरमजयगढ़ में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रखा गया है। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं, ताकि भीड़ और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके।
