ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ट्राइबल गेम्स: रायपुर में महिला हॉकी का रोमांच; झारखंड, ओडिशा और एमपी की ‘गोल वर्षा’, विरोधियों को नहीं मिला संभलने का मौका

रायपुर। राजधानी के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ के तीसरे दिन महिला हॉकी मुकाबलों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

मैदान पर जनजातीय महिला खिलाड़ियों ने अपनी स्टिक का ऐसा जादू बिखेरा कि विपक्षी टीमें महज दर्शक बनकर रह गईं। शुक्रवार को हुए पूल मैचों में झारखंड, ओडिशा और मध्य प्रदेश ने एकतरफा जीत दर्ज कर अपना दबदबा साबित किया।

मैदान पर ‘गोलों की बौछार’: झारखंड ने दागे 16 गोल

आज के मुकाबले पूरी तरह से एकतरफा रहे। विजेता टीमों ने शुरूआती मिनटों से ही आक्रामक खेल दिखाया। झारखंड की टीम ने मैदान पर सुनामी ला दी। टीम ने गुजरात के खिलाफ 16-0 के विशाल अंतर से जीत हासिल की।

गुजरात की डिफेंडर्स झारखंडी फॉरवर्ड्स को रोकने में नाकाम रहीं। एक अन्य मुकाबले में ओडिशा ने तमिलनाडु को 14-0 से करारी शिकस्त दी। ओडिशा की खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और सटीक पासिंग का नमूना पेश किया। पूल ‘ए’ के मुकाबले में मध्य प्रदेश की टीम ने बिहार को 9-0 से मात देकर पूरे अंक बटोरे।

106 गोल्ड मेडल के लिए 3,800 खिलाड़ियों में जंग

देश में पहली बार आयोजित हो रहे इन ट्राइबल गेम्स में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की भागीदारी है। लगभग 3,800 एथलीट अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती जैसे 7 मुख्य खेलों में कुल 106 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबला जारी है। पारंपरिक खेल मल्लखंब और कबड्डी को प्रदर्शन (Demonstration) खेलों के रूप में शामिल किया गया है।

सरगुजा में कुश्ती के दंगल के साथ-साथ राजधानी रायपुर में हॉकी की यह जंग जनजातीय युवाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का सबसे बड़ा जरिया बन रही है।

Related Articles

Back to top button