सरकारी कर्मचारियों को AI और साइबर सुरक्षा की ट्रेनिंग: SBI ने CSR से बनाया आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, CM साय ने किया शुभारंभ

अब सरकारी कर्मचारी सीखेंगे AI का इस्तेमाल, ऑनलाइन ठगी और साइबर हमलों से बचने के तरीके भी जानेंगे
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों को अब कंप्यूटर संचालन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिला कार्यालय में शासकीय कर्मचारियों के लिए बनाए गए आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया।
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बिलासपुर अंचल ने इस केंद्र की स्थापना कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत की है। इसका उद्देश्य सरकारी कामकाज को तकनीक के जरिए तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
AI से लेकर साइबर ठगी की पहचान तक सीखेंगे कर्मचारी
प्रशिक्षण केंद्र में कर्मचारियों को कंप्यूटर के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कार्यप्रणाली और कार्यालयीन कामकाज में AI के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा पर भी व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इसमें फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक की पहचान, सुरक्षित पासवर्ड बनाने और डेटा की गोपनीयता बनाए रखने जैसे विषय शामिल हैं।
CM बोले- सुशासन में तकनीक की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन की अवधारणा को साकार करने में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। बदलते समय के साथ सरकारी कर्मचारियों का डिजिटल रूप से दक्ष होना जरूरी है।
कंप्यूटर और AI का जिम्मेदारी से उपयोग प्रशासनिक कामकाज को सरल और प्रभावी बना सकता है।
उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच सरकारी रिकॉर्ड और नागरिकों की निजी जानकारी की सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। यह केंद्र कर्मचारियों का कौशल बढ़ाने के साथ सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में मददगार होगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए SBI की सराहना की।
जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित यह केंद्र ई-गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में काम करेगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त सुनील जैन, IG रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल और SSP रजनेश सिंह मौजूद रहे।





