ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कांकेर में दर्दनाक हादसा: पाइपलाइन बिछाने के दौरान मिट्टी में दबा मजदूर, 4 दिन बाद खुदाई में मिला शव

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक मजदूर जिंदा ही मिट्टी में दब गया। घटना की जानकारी किसी को नहीं हो सकी और चार दिन बाद उसी जगह खुदाई करने पर मजदूर का शव बरामद हुआ। हादसे के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।

मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के कच्चे चौकी अंतर्गत ग्राम हिंगनझर का है। यहां नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने और घरों में कनेक्शन देने का काम चल रहा था। 28 जुलाई को 30 वर्षीय मजदूर रामदेव आंचला पाइपलाइन के लिए खोदी गई नाली में उतरकर कनेक्शन जोड़ने का काम कर रहा था।

इसी दौरान जेसीबी चालक दूसरी तरफ से गड्ढे में मिट्टी भरते हुए आगे बढ़ रहा था। बताया जा रहा है कि चालक को जानकारी नहीं थी कि उसी स्थान पर रामदेव काम कर रहा है। अनजाने में जेसीबी से डाली गई मिट्टी में मजदूर दब गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि उसे मदद के लिए आवाज लगाने तक का मौका नहीं मिल पाया।

घटना के समय अन्य मजदूर करीब 20 से 40 मीटर की दूरी पर काम कर रहे थे, इसलिए किसी को इसकी भनक नहीं लगी। दोपहर के भोजन के समय जब रामदेव मौके पर नहीं पहुंचा तो साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ देर बाद फोन बंद हो गया।

परिजनों और ग्रामीणों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद कच्चे चौकी में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई। 31 जुलाई को पुलिस, ग्रामीणों और सरपंच की मौजूदगी में उस स्थान पर दोबारा खुदाई कराई गई, जहां से रामदेव लापता हुआ था। करीब 10 मीटर खुदाई के बाद उसका शव मिट्टी के अंदर बैठी हुई अवस्था में मिला।

शव मिलने के बाद ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया और कुछ लोगों ने जेसीबी चालक के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में लिया और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भानुप्रतापपुर जिला अस्पताल भेज दिया है। अब पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button