हैदराबाद-पंजाब मैच के टॉप मोमेंट्स एंड रिकॉर्ड्स: लगातार 3 छक्कों से ईशान की फिफ्टी, कोनोली ने चौके से पूरा किया शतक

दिल्ली। IPL 2026 में बुधवार को खेले गए हाईस्कोरिंग मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रन से हरा दिया।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 235 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम 202 रन ही बना सकी। मैच में कई रोमांचक मोमेंट्स और रिकॉर्ड देखने को मिले।
हैदराबाद की शुरुआत तेज रही। अभिषेक शर्मा ने लॉकी फर्ग्यूसन के ओवर में पहले शानदार छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर कप्तान श्रेयस अय्यर को कैच थमा बैठे। उन्होंने 35 रन की तेज पारी खेली।
मैच में ईशान किशन सबसे ज्यादा चर्चा में रहे। उन्हें कुल तीन जीवनदान मिले। पहले कूपर कोनोली ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। इसके बाद लॉकी फर्ग्यूसन ने कैच टपकाया और फिर प्रभसिमरन सिंह स्टंपिंग का मौका गंवा बैठे।
इन मौकों का पूरा फायदा उठाते हुए ईशान ने तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने विजयकुमार वैशाख के ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर अपनी फिफ्टी पूरी की।
हेनरिक क्लासन ने भी तेज अर्धशतक जमाया। उन्होंने लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर दो रन लेकर फिफ्टी पूरी की और बल्ला हवा में उछालकर जश्न मनाया।
पंजाब की ओर से कूपर कोनोली ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने आखिरी ओवर में गिरते हुए चौका लगाकर अपना पहला IPL और टी-20 शतक पूरा किया।
उनका यह शॉट ऋषभ पंत के अंदाज की याद दिलाने वाला रहा। हालांकि उनकी सेंचुरी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
मैच में कई रिकॉर्ड भी बने। कूपर कोनोली और मार्को यानसन ने पंजाब के लिए 7वें विकेट की सबसे बड़ी IPL साझेदारी की। दोनों ने 68 रन जोड़े।
वहीं हैदराबाद ने पंजाब के खिलाफ पहली पारी का सबसे बड़ा स्कोर 235 रन बनाया। दूसरी ओर मार्को यानसन ने 4 ओवर में 61 रन देकर अनचाहा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।





