मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 का कमाल: एक फोन कॉल से तपकरा में बहाल हुई जलापूर्ति, 200 परिवारों को राहत

रायपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम तपकरा में हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत के बाद करीब 200 परिवारों की पेयजल समस्या का समाधान कर दिया गया।

ग्राम तपकरा निवासी ओम प्रकाश ने 26 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गांव में करीब 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित थी। मोटर और पाइपलाइन में खराबी के कारण पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई थी। इससे करीब 200 घर-परिवारों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही थी।

शिकायत मिलते ही विभाग ने शुरू की कार्रवाई

हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद मामला संबंधित विभाग और स्थानीय अमले तक पहुंचाया गया। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम तपकरा में संचालित रेट्रो जल प्रदाय योजना के तहत कार्रवाई शुरू कराई। ग्राम पंचायत की ओर से तत्काल नया मोटर लगाया गया।

नया मोटर स्थापित होते ही गांव में पेयजल आपूर्ति दोबारा शुरू हो गई। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे करीब 200 परिवारों को इससे राहत मिली।

समाधान के बाद लिया गया फीडबैक

शिकायत का निराकरण होने के बाद हेल्पलाइन से शिकायतकर्ता ओम प्रकाश से संपर्क किया गया और समस्या के समाधान को लेकर उनकी संतुष्टि की पुष्टि की गई। इससे यह भी सुनिश्चित हुआ कि शिकायत का समाधान केवल कागजों में दर्ज नहीं हुआ, बल्कि मौके पर समस्या वास्तव में दूर हुई है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 के जरिए शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके निराकरण और फिर शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने तक की प्रक्रिया प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत कर रही है। तपकरा का यह मामला बताता है कि एक फोन कॉल के जरिए भी नागरिकों की स्थानीय समस्याओं का तेजी से समाधान संभव है।

↑
Exit mobile version