रायपुर में बीएसएस प्रणवानंद स्कूल के ‘कल्चरल एंड हेरिटेज म्यूजियम’ का किया अवलोकन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि देश के महापुरुषों के जीवन, विचारों और त्याग से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को भारत के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महान व्यक्तित्वों के योगदान से परिचित कराना बेहद जरूरी है, ताकि उनमें राष्ट्र और संस्कृति के प्रति गर्व की भावना विकसित हो सके।
मुख्यमंत्री सोमवार को रायपुर के वीआईपी रोड स्थित बीएसएस प्रणवानंद स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने भारत माता की प्रतिमा और भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके बाद उन्होंने स्कूल परिसर में स्थापित ‘कल्चरल एंड हेरिटेज म्यूजियम’ का अवलोकन किया।
स्कूल के सचिव स्वामी शिवरूपानंद जी महाराज ने मुख्यमंत्री को संग्रहालय का विस्तृत भ्रमण कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में प्रदर्शित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, ऋषि-मुनियों और भारत सेवाश्रम संघ द्वारा संचालित मानव कल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी उत्सुकता के साथ ली।
मुख्यमंत्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति अत्यंत प्राचीन, समृद्ध और गौरवशाली रही है। हमारे ऋषि-मुनियों, विद्वानों और महापुरुषों ने अपने ज्ञान, तप और त्याग से इसे और भी समृद्ध बनाया है। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों को अपने इतिहास और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि बीएसएस प्रणवानंद स्कूल द्वारा स्थापित यह संग्रहालय बच्चों को धर्म, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रेरणादायक माध्यम बनेगा। इससे विद्यार्थियों को महान व्यक्तित्वों के जीवन से सीखने और अपने जीवन में सकारात्मक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर स्कूल के सचिव स्वामी शिवरूपानंद जी महाराज ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को शॉल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती आनन्दिता घोष, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
