जल जीवन मिशन से बदली तस्वीर: चिन्ताटोकामेटा के हर घर तक पहुंचा साफ पानी

बीजापुर। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के दूरस्थ गांव चिन्ताटोकामेटा में जल जीवन मिशन ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया है। गांव के हर घर तक अब नल के जरिए स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। इससे वर्षों पुरानी पानी की समस्या खत्म हो गई है और ग्रामीणों की दिनचर्या आसान हो गई है।

पहले गांव के लोग पानी के लिए सिर्फ एक हैंडपंप और नदी पर निर्भर थे। महिलाओं और बच्चों को पानी भरने के लिए लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता था। कई बार दूर नदी तक जाना पड़ता था, जिससे समय और मेहनत दोनों ज्यादा लगते थे। गर्मी के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती थी।

जल जीवन मिशन के तहत गांव के 12 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन दिए गए हैं। अब हर घर में नियमित रूप से साफ पानी मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि घर तक पानी पहुंचने से रोजमर्रा की सबसे बड़ी चिंता खत्म हो गई है। महिलाओं और बच्चों को अब पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता।

19 मार्च 2026 को गांव में जल उत्सव कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामसभा के माध्यम से गांव को “हर घर जल” प्रमाणित किया गया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को जल संरक्षण, जलकर और जल आपूर्ति व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव की जानकारी दी।

ग्रामीणों ने बताया कि पहले पानी की व्यवस्था करना रोज की बड़ी चुनौती थी, लेकिन अब घर पर ही पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी मिलने से जीवन काफी आसान हो गया है। बच्चों की पढ़ाई और महिलाओं के घरेलू कामों में भी सुविधा हुई है।

चिन्ताटोकामेटा में जल जीवन मिशन की सफलता सिर्फ पेयजल उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण विकास, जनभागीदारी और जागरूकता की नई मिसाल बन गई है। गांव में अब साफ पानी के साथ बेहतर जीवन की उम्मीद भी पहुंच चुकी है।

Exit mobile version