युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार प्रतिबद्ध: 430 युवाओं को मिली शासकीय नौकरी, मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ में युवाओं के सशक्त भविष्य और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की दिशा में एक और अहम पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में 430 चयनित प्रयोगशाला परिचारकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाने के लिए सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय सहन नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ‘सुशासन एवं अभिसरण विभाग’ का गठन किया गया है और सरकारी कार्यों को ई-प्रणाली से जोड़ा गया है, जिससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है। उन्होंने पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई को सौंपने का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार पारदर्शिता और न्याय को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए कड़े कानून बनाए जा रहे हैं और जल्द ही ‘छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल’ तथा एक निश्चित परीक्षा कैलेंडर लागू किया जाएगा। इसके साथ ही नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निजी क्षेत्र में भी युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए उन्हें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने को प्रेरित किया। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि यह पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता और सुशासन का उदाहरण है, जो राज्य को प्रगति के नए आयामों तक ले जाने में सहायक होगी।





