पेड़ पर बैठे पालतू तोते को उतारने फायर ब्रिगेड पहुंची: हजारों लीटर पानी की बौछार, वीडियो वायरल

नारायणपुर। नारायणपुर जिले में सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भीषण गर्मी और जल संकट के बीच एक पालतू तोते को पेड़ से उतारने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम बुला ली गई और हजारों लीटर पानी की बौछार कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक, मामला OBC बॉयज हॉस्टल परिसर के पास का है। यहां एक पालतू तोता उड़कर एक ऊंचे पेड़ पर बैठ गया था और काफी देर तक नीचे नहीं उतर रहा था। बताया जा रहा है कि यह तोता किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी का था। उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया।

मौके पर पहुंची दमकल टीम ने तोते को नीचे लाने के लिए पेड़ पर तेज पानी की बौछार शुरू कर दी। इस दौरान बड़ी मात्रा में पानी का इस्तेमाल किया गया। काफी देर तक प्रयास के बाद तोता पेड़ से उड़कर पास की इमारत की छत पर आ गया, जहां उसे पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि इस रेस्क्यू ऑपरेशन में नगर सेना के दमकल वाहन का उपयोग किया गया।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवा का इस्तेमाल इस तरह के निजी कार्य के लिए कैसे किया जा सकता है। खासकर ऐसे समय में, जब कई इलाकों में पानी की किल्लत बनी हुई है।

फिलहाल मामला प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। सरकारी संसाधनों के उपयोग और प्राथमिकताओं को लेकर बहस छिड़ गई है। अधिकारी स्तर पर इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई होगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Exit mobile version