छत्तीसगढ़ChhattisgarhStateNews

एनएचएम कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त करने का निर्णय स्वागतयोग्य : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ का प्रतिनिधिमंडल मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने के बाद संघ ने प्रदेशव्यापी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कर्मचारियों के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे राज्यहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का स्वास्थ्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और एनएचएम कर्मचारियों द्वारा काम पर लौटने से स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा अपने कर्मचारियों को परिवार का हिस्सा मानती है और उनकी जायज मांगों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेती है। श्री साय ने विश्वास जताया कि सरकार और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

उल्लेखनीय है कि एनएचएम कर्मचारी अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। राज्य सरकार ने इनमें से चार मांगों को तत्काल पूरा कर दिया है। तीन मांगों पर कार्यवाही के लिए समिति गठित की गई है, जबकि शेष तीन – संविलयन, पब्लिक हेल्थ कैडर और आरक्षण – से संबंधित विषयों पर भारत सरकार से निर्णय लिया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी हड़ताल समाप्त करने पर कर्मचारियों के निर्णय की सराहना की और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर विधायक किरण देव सहित कर्मचारी संघ के डॉ. अमित मिरी, डॉ. रविशंकर दीक्षित, पूरन दास, कौशलेश तिवारी, हेमंत सिन्हा, दिनेश चंद्र, संतोष चंदेल, प्रफुल्ल पाल और डॉ. देवकांत चतुर्वेदी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button