ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सट्टे में नुकसान और कर्ज से टूट गया था कारोबारी: पत्नी और 3 बच्चों को जहर देकर खुद लगाई फांसी; 4 महीने बाद SIT जांच में खुलासा

रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजयनगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में करीब चार महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। SIT की जांच में सामने आया है कि बैटरी कारोबारी साजिद अली ने ही अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में कीटनाशक देकर मार दिया था। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

पुलिस जांच के मुताबिक, सट्टे के कारोबार में लगातार नुकसान, नशे की लत और आर्थिक तंगी के कारण साजिद मानसिक तनाव में था। पुलिस ने इन्हीं परिस्थितियों को घटना की मुख्य वजह माना है।

पांच साल में खातों से 70 लाख का लेनदेन

SIT ने साजिद के बैंक खातों की जांच की। इसमें पिछले पांच साल के दौरान करीब 70 लाख रुपए का लेनदेन सामने आया। जांच में पता चला कि साजिद गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था। इस कारोबार में उसे नुकसान हुआ और बाद में उसने इसे बंद कर दिया। इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई थी।

साजिद मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। उसने पहले ठेला लगाया और फिर बैटरी का काम शुरू कर अपनी दुकान खोली थी। पुलिस के अनुसार, वह नशे का आदी था और पिछले कुछ महीनों से तनाव में रह रहा था। वह करीब 15 साल से अपने भाई-बहनों से अलग रह रहा था। कुछ लोग उससे उधार दिए पैसे मांगने भी घर आते थे।

बेटे को रात 12:30 बजे फोन कर बुलाया था

जांच में यह बात भी सामने आई कि घटना से पहले साजिद ने गुरुवार रात करीब 12:30 बजे अपने बेटे इरशाद को फोन कर घर बुलाया था। वह उसे डांटते हुए तुरंत आने के लिए कह रहा था। घर पहुंचने के बाद साजिद बाजार से लाए रसगुल्ले और पेड़े लेकर परिवार के साथ बैठा था। इसके बाद परिवार का कोई सदस्य घर से बाहर नहीं निकला।

17 जुलाई को मिले थे पांचों के शव

17 जुलाई 2026 को संजयनगर स्थित घर में साजिद, उसकी पत्नी, बेटे और दो बेटियों के शव मिले थे। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। बाद में मामले की जांच SIT को सौंपी गई। टीम ने बैंक खातों, आर्थिक लेनदेन और सट्टे से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की। करीब चार महीने की जांच के बाद पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि साजिद ने परिवार के तीन बच्चों और पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या की थी।

Related Articles

Back to top button