बिलासपुर। बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह खेत में दंपति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पति का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला, वहीं पत्नी का शव खेत की मेढ़ पर पड़ा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान अमित कुमार इंदुआ और उनकी पत्नी अंजू इंदुआ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अमित और अंजू की शादी 12 साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। दोनों अपने दो बच्चों के साथ रहते थे। अमित की मां दुरपति बाई ने बताया कि बीती रात बेटा-बहू बच्चों के साथ महामाया मंदिर दर्शन के लिए गए थे। देर रात घर लौटकर खाना खाने के बाद सब सो गए। लेकिन रात में कब अमित और अंजू घर से निकले, इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव देखकर परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है या किसी साजिश का। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सबसे ज्यादा दर्दनाक स्थिति उनके दो मासूम बच्चों की है। बड़ी बेटी 10 साल की और बेटा 7 साल का है। दोनों बार-बार पूछ रहे हैं कि उनके मम्मी-पापा कहां चले गए। परिजनों के पास बच्चों के सवालों का कोई जवाब नहीं है। गांव में लोग दंपति की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही असली वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल दंपति की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।