बांग्लादेश में आतंकी हमले का खतरा: सरकार अलर्ट पर, देशभर में तलाशी अभियान तेज

बांग्लादेश। बांग्लादेश में आतंकी हमले की आशंका को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। खुफिया इनपुट मिलने के बाद सरकार ने शनिवार को पूरे देश में अलर्ट जारी किया है। आशंका जताई जा रही है कि संसद भवन समेत कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है। इस चेतावनी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, संसद परिसर, धार्मिक स्थल, मनोरंजन केंद्र, सैन्य और पुलिस प्रतिष्ठान संभावित टारगेट हो सकते हैं। इसके अलावा हथियार भंडार (आर्मरी) पर भी हमले की आशंका जताई गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की है कि यह अलर्ट हाल ही में एक संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद जारी किया गया है, जिसके संबंध बर्खास्त सैन्यकर्मियों से बताए जा रहे हैं।

खुफिया रिपोर्ट में दो प्रमुख साजिशकर्ताओं का भी जिक्र किया गया है, हालांकि किसी संगठन का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। संदिग्धों को देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि हमलावर अलग-अलग तरीकों से समन्वित हमला कर सकते हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सीआईडी, स्पेशल ब्रांच और काउंटर टेररिज्म यूनिट को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्थानीय पुलिस को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। कई शहरों में चेकिंग बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

एक पश्चिमी जिले के पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनके क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। सरकार का कहना है कि आम नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। इस पूरे घटनाक्रम ने देश में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है।

Exit mobile version