सीएम साय के निर्देश पर लकवाग्रस्त महिला को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता तुरंत स्वीकृत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से मुख्यमंत्री जनदर्शन कार्यक्रम में महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम बड़ेटेमरी निवासी बसंती साव को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता योजना के तहत 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि तत्काल स्वीकृत हुई।
बसंती साव ने बताया कि उनका दोनों पैर लकवाग्रस्त हैं और उनका इलाज रायपुर स्थित एम्स, मेकाहारा सहित एक निजी अस्पताल में कराया जा चुका है। लगातार उपचार की वजह से उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आगामी इलाज पर लगभग 6 लाख 40 हजार रुपए का खर्च अनुमानित है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से होने के कारण यह खर्च उठाना उनके लिए असंभव था। उनके पति प्रेमकुमार साव ने बताया कि मुख्यमंत्री जनदर्शन में अपनी पीड़ा साझा करने के बाद उन्हें तुरंत मदद मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन में बसंती साव के आवेदन को गंभीरता से देखा और उनकी स्थिति को समझते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सहायता राशि की स्वीकृति तुरंत प्रदान की गई, ताकि उन्हें इलाज में कोई देरी न हो। इससे पहले भी मुख्यमंत्री की पहल पर बसंती को 25 हजार रुपए और 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी थी।
इस पहल से यह संदेश गया कि मुख्यमंत्री जनदर्शन केवल आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि आम जनता की समस्याओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और तत्काल समाधान देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इससे जरूरतमंदों को राहत मिलती है और शासन की जवाबदेही का सशक्त उदाहरण सामने आता है।





