अवैध वसूली और बदहाल सड़क से अमेरा कोल माइंस का संचालन प्रभावित, कोयला सप्लाई लक्ष्य से काफी पीछे

सरगुजा। सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित एसईसीएल की अमेरा कोल माइंस में अव्यवस्थाओं के चलते कोयला उत्पादन और परिवहन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वाहन मालिकों ने आरोप लगाया है कि माइंस में ट्रकों की पार्किंग के नाम पर प्रति वाहन 600 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है, जिससे ट्रांसपोर्टरों और डीओ होल्डरों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, माइंस से प्रतिदिन 4,000 टन कोयले की सप्लाई का लक्ष्य निर्धारित है, लेकिन लगातार बारिश, सड़क पर कीचड़ और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण प्रतिदिन केवल 300 से 400 टन कोयले की ही आपूर्ति हो पा रही है। इससे डीओ होल्डरों को रोजाना भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
माइंस तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। सड़क निर्माण का कार्य बरसात शुरू होने से पहले पूरा होना था, लेकिन समय पर काम नहीं होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। खदान के बाहर ट्रकों की चार किलोमीटर से अधिक लंबी कतार लग रही है, जिससे घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि करीब छह महीने पहले ग्रामीणों के विरोध के बावजूद इस कोयला खदान का विस्तार किया गया था। अब स्थानीय लोग और ट्रांसपोर्टर सवाल उठा रहे हैं कि जब मूलभूत सुविधाएं और सड़क व्यवस्था ही दुरुस्त नहीं थी, तो विस्तार की अनुमति क्यों दी गई। प्रभावित पक्षों ने एसईसीएल प्रबंधन से अवैध वसूली पर रोक लगाने, सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि कोयला परिवहन और उत्पादन सामान्य हो सके।





