कांकेर में आदमखोर तेंदुआ पिंजरे में कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। धावा क्षेत्र के आछी डोंगरी में पिछले कई महीनों से आतंक मचाने वाले आदमखोर तेंदुए को आखिरकार पिंजरे में कैद कर लिया गया। यह वही तेंदुआ है, जिसने 2024 से अब तक 6 ग्रामीणों और बच्चों पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
लगातार हो रहे हमलों के कारण आछी डोंगरी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ था। ग्रामीण जंगल जाने से कतराने लगे थे और बच्चों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। वन विभाग ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया।
अंततः गुरुवार सुबह वन विभाग की टीम को सफलता मिली और तेंदुए को पिंजरे में सुरक्षित कैद कर लिया गया। तेंदुए के पकड़ में आने से इलाके में राहत और खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने वन विभाग की तत्परता की सराहना की है और अब सामान्य जीवन की ओर लौटने की उम्मीद जताई है।