StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

शेयर बाजार में तूफानी तेजी: सेंसेक्स 2,000 अंक उछलकर 84,400 के पार, निफ्टी में 550 अंकों की बढ़त

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 25 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 2,000 अंक उछलकर 84,400 के स्तर के पार पहुंच गया। वहीं निफ्टी में भी करीब 550 अंकों की बढ़त रही और यह 25,900 के आसपास कारोबार करता दिखा।

नवंबर में दूसरी बार सेंसेक्स ने एक कारोबारी दिन में इतनी बड़ी तेजी दिखाई है। इससे पहले 5 नवंबर को भी सेंसेक्स 2,000 अंक से ज्यादा चढ़ा था। IT और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली। इंफोसिस, ICICI बैंक, HDFC बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयरों में करीब 3.5% तक की तेजी दर्ज की गई।

बाजार चढ़ने की 3 बड़ी वजहें

1. विदेशी निवेशकों की खरीदारी: विदेशी संस्थागत निवेशक (FII/FPI) लगातार भारतीय शेयर बाजार में पैसा लगा रहे हैं। पिछले 7 दिनों में उन्होंने करीब 23,393 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। इससे बाजार में निवेश बढ़ा और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।

2. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बुधवार को 0.7% गिरकर 90.80 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। नवंबर में अब तक इसमें करीब 23% की गिरावट आई है। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल आयात करता है। ऐसे में तेल सस्ता होने से आयात बिल और महंगाई का दबाव घटने की उम्मीद है।

3. निवेशकों का डर कम हुआ: बाजार में उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला इंडिया विक्स 3% से ज्यादा गिरकर 17.10 पर आ गया। इससे निवेशकों के बीच अनिश्चितता कम होने का संकेत मिला।

एशियाई बाजारों में गिरावट

भारतीय बाजार की तेजी के उलट एशियाई बाजारों में कमजोरी रही। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.91% और जापान का निक्केई 3.30% गिरा। वहीं हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 0.28% चढ़ा।

इससे पहले 23 नवंबर को सेंसेक्स 1,483 अंक गिरकर 82,435 पर बंद हुआ था। 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के कारण बाजार बंद था।

Related Articles

Back to top button