बीजापुर में जवानों ने 2 नक्सलियों को मार गिराया

गरियाबंद में 1 दिन पहले 1 करोड़ के इनामी समेत 10 नक्सली ढेर

बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। शुक्रवार सुबह बीजापुर जिले में जवानों ने मुठभेड़ में 2 नक्सलियों को ढेर कर दिया। इससे एक दिन पहले ही गरियाबंद जिले में 10 नक्सलियों को मार गिराया गया था, जिनमें 1 करोड़ का इनामी बालकृष्ण भी शामिल था।

बीजापुर मुठभेड़ में 2 नक्सली ढेर

बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में सुबह जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें दो नक्सली ढेर हो गए। मौके से जवानों ने 303 राइफल और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए हैं। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। दोनों नक्सलियों की पहचान की जा रही है। सुरक्षा बल इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

गरियाबंद में 10 नक्सलियों का सफाया

गुरुवार को गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के मटाल पहाड़ी में हुई मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को जवानों ने मार गिराया था। इनमें मोडेम बालकृष्ण भी शामिल था, जिस पर 1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था। बालकृष्ण ओडिशा स्टेट कमेटी का सचिव माना जाता था। इस ऑपरेशन में सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए।

लगातार दबाव में नक्सली संगठन

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नक्सली संगठन दबाव में आ गया है। सुरक्षाबलों का कहना है कि हाल में सरेंडर किए गए गार्ड से मिली जानकारी के आधार पर इन ठिकानों तक पहुंच बनाई गई। बीजापुर और गरियाबंद की कार्रवाई को छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय बलों की अब तक की बड़ी सफलताओं में गिना जा रहा है।

Exit mobile version