कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय में प्रो. मनोज दयाल ने संभाला कुलपति पद

रायपुर। प्रतिष्ठित मीडिया शिक्षाविद प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने आज कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर रायपुर संभाग के आयुक्त महादेव कावरे ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद प्रो. दयाल ने विश्वविद्यालय के प्रेरणास्रोत कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
उन्होंने प्रशासनिक और अकादमिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए विश्वविद्यालय की वर्तमान स्थिति और भावी योजनाओं पर अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने माननीय राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों से परिचय प्राप्त किया।
नव नियुक्त कुलपति ने विश्वविद्यालय के ग्रंथालय में शोधार्थियों एवं पीजी विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनके शोध कार्यों की जानकारी ली।
साथ ही सामुदायिक रेडियो स्टेशन ‘रेडियो संवाद 90.8 एफएम’ में शुभकामना संदेश रिकॉर्ड किया। उन्होंने टेलीविजन स्टूडियो, विभिन्न संकाय भवनों और विभागों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया।
प्रो. दयाल ने कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता की नई पहचान दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शोध और नवाचार को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने नवागत कुलपति का स्वागत करते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।





