StateNewsदेश - विदेश

देश में अब तक सामान्य से 12.3 प्रतिशत ज्यादा बारिश, हिमाचल-जम्मू में बादल फटने से 8 की मौत; सभी राज्यों में अलर्ट

दिल्ली। देशभर में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। 26 जून तक औसतन 134.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 146.6 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 12.3 प्रतिशत अधिक है। दिल्ली को छोड़कर लगभग सभी राज्यों में बारिश हो रही है और कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और धर्मशाला में बादल फटने की घटनाओं से भारी तबाही हुई है। कुल्लू जिले में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 से अधिक लोग लापता हैं। धर्मशाला के खनियारा और अन्य इलाकों में भी नुकसान हुआ है। उधर, जम्मू-कश्मीर के राजौरी, पुंछ और कठुआ जिलों में तेज बारिश और बादल फटने से 3 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं।

गुजरात के सूरत, अहमदाबाद और नवसारी जिलों में लगातार बारिश हो रही है। अहमदाबाद में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और घरों में पानी घुस गया है। मध्य प्रदेश के सतना, जबलपुर जैसे शहरों में भी भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।

मौसम विभाग ने आज देश के सभी राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और केरल में ऑरेंज अलर्ट है। अगले दो दिन 23 राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। इन राज्यों में हिमाचल, पंजाब, बिहार, ओडिशा, झारखंड, नॉर्थ-ईस्ट राज्यों के अलावा छत्तीसगढ़ और मध्य भारत शामिल हैं। प्रशासन ने सभी संवेदनशील इलाकों में अलर्ट जारी कर राहत कार्य तेज कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button