शादी और उम्र पर ट्रोल करने वालों पर भड़कीं शमिता शेट्टी

दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री शमिता शेट्टी ने सोशल मीडिया पर अपनी उम्र और शादी को लेकर ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया है। इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा करते हुए शमिता ने उन लोगों की मानसिकता पर सवाल उठाए, जो सिंगल महिलाओं को उम्र और शादी के आधार पर निशाना बनाते हैं।

47 वर्षीय शमिता ने साफ कहा कि वह अपनी जिंदगी में खुश, फिट और संतुष्ट हैं और उन्हें शादी करने की कोई जल्दबाजी नहीं है। उन्होंने ट्रोलर्स की सोच को पुरुष प्रधान और पिछड़ी मानसिकता बताते हुए कहा कि महिलाओं को सिर्फ शादी और उम्र के पैमाने पर आंकना गलत है।

दरअसल, एक सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा था कि अब उनकी उम्र हो गई है और उनमें पहले जैसी बात नहीं रही। इस पर शमिता ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए जवाब दिया, “हां, मैं अब अलग दिखूंगी। समय के साथ चीजें बदलती हैं और यही जीवन का प्राकृतिक नियम है। शारीरिक बनावट सहित कुछ भी हमेशा एक जैसा नहीं रहता।”

उन्होंने आगे कहा कि अपनी उम्र के हिसाब से वह पूरी तरह स्वस्थ, फिट और खुश हैं और उनके लिए यही सबसे ज्यादा मायने रखता है। शमिता ने ट्रोलर्स से सवाल करते हुए कहा कि शादी कर लेने से आखिर उन्होंने कौन-सा बड़ा काम कर लिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि सिंगल महिलाओं को ऐज-शेम करना बंद करें।

शमिता शेट्टी के इस बयान को सोशल मीडिया पर काफी समर्थन मिल रहा है। कई यूजर्स ने उनकी बेबाकी की तारीफ करते हुए कहा कि महिलाओं को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का पूरा अधिकार है और शादी को किसी की सफलता या खुशी का पैमाना नहीं बनाया जाना चाहिए।

Exit mobile version