सेंसेक्स 200 अंक चढ़ा, 77,350 के पार कारोबार: निफ्टी में भी 50 अंकों की तेजी, ऑटो और IT शेयरों में खरीदारी

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को सकारात्मक शुरुआत देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 200 अंकों की बढ़त के साथ 77,350 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।

वहीं, एनएसई निफ्टी भी 50 अंकों से अधिक मजबूत होकर 24,150 के आसपास पहुंच गया। बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी ऑटो और आईटी सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली, जिससे प्रमुख सूचकांकों को मजबूती मिली।

विश्लेषकों के अनुसार, वैश्विक संकेतों और घरेलू निवेशकों की लगातार खरीदारी से बाजार को समर्थन मिल रहा है। हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) अब भी बिकवाली कर रहे हैं, लेकिन घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की मजबूत खरीदारी बाजार को संभाले हुए है।

एशियाई बाजारों की बात करें तो कारोबार मिला-जुला रहा। हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स करीब 1.84% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है, जबकि जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी दबाव में रहे।

अमेरिकी बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। बुधवार को डाउ जोंस, नैस्डैक और एसएंडपी 500 तीनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए, जिसका असर भारतीय बाजार की शुरुआत पर भी देखने को मिला।

निवेशकों के रुझान पर नजर डालें तो पिछले सात कारोबारी दिनों में घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 9,177 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं। इसके विपरीत विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने इसी अवधि में 1,731 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की है।

इससे पहले बुधवार को भी बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 130 अंक चढ़कर 77,185 पर और निफ्टी 26 अंक की तेजी के साथ 24,079 पर बंद हुआ था।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक संकेत सकारात्मक बने रहे और घरेलू निवेशकों की खरीदारी जारी रही, तो आने वाले सत्रों में बाजार में तेजी का रुख बरकरार रह सकता है।

↑
Exit mobile version