रायपुर में खेल अकादमियों के लिए 23-24 सितंबर को चयन ट्रायल, 13 से 17 साल के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा

रायपुर। रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश और प्रवेश नवीनीकरण के लिए 23 और 24 सितंबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से होने वाले इन ट्रायल में तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। राज्य के बालक-बालिका खिलाड़ियों के साथ अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी इसमें शामिल हो सकेंगे।
23 सितंबर को बालक-बालिका तीरंदाजी और बालिका फुटबॉल के लिए चयन ट्रायल होगा। तीरंदाजी का ट्रायल तीरंदाजी एरिना और फुटबॉल का ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में आयोजित किया जाएगा। खिलाड़ियों का पंजीयन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक किया जाएगा।
इस दौरान पंजीयन के साथ दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सकीय जांच, शारीरिक दक्षता और खेल कौशल परीक्षण भी होगा। खिलाड़ियों को आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र अथवा जन्मतिथि वाली प्रमाणित अंकसूची प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
24 सितंबर को हॉकी-एथलेटिक्स का ट्रायल
गैर-आवासीय बालक-बालिका हॉकी और बालक-बालिका एथलेटिक्स के लिए 24 सितंबर को चयन ट्रायल होगा। इसका आयोजन स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा और सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-02 में सुबह 7 बजे से किया जाएगा। इस दिन भी पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, मेडिकल जांच, शारीरिक दक्षता और खेल कौशल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होगी।
चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी सुविधाएं
खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति करेगी। खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। खिलाड़ियों को निर्धारित तारीख और स्थान पर जरूरी दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।





