11 राज्यों में झुलसाने वाली गर्मी, बांदा सबसे गर्म

MP-UP, राजस्थान समेत कई राज्यों में पारा 47°C के करीब; बिहार में बिजली गिरने से 4 मौतें, पहाड़ों पर बर्फबारी

दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के 11 राज्यों में तापमान 40°C से 47°C के बीच दर्ज किया गया।

सबसे ज्यादा तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 47.6°C रिकॉर्ड हुआ, जबकि मध्य प्रदेश के नौगांव में पारा 46.8°C तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई शहरों में लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इधर बिहार में मौसम ने अचानक करवट ली। अररिया, नालंदा, जहानाबाद और सुपौल में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं सीमांचल और कोसी क्षेत्र में बारिश की संभावना जताई गई है।

दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों में मौसम बदला हुआ नजर आया। जम्मू-कश्मीर के जोजिला और उत्तराखंड के चमोली-पिथौरागढ़ में बर्फबारी हुई। बारामूला में तेज आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और अरब सागर में बने लो प्रेशर एरिया का असर आने वाले दिनों में कई राज्यों में दिखाई दे सकता है। दिल्ली, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गोवा और अंडमान-निकोबार में बारिश की संभावना जताई गई है।

इस बीच गर्मी का असर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर भी देखने को मिल रहा है। तेज तापमान के कारण मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक तेजी से गर्म हो रहे हैं, जिससे बैटरी डैमेज और डिवाइस बंद होने जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।

Exit mobile version