सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा में आदिवासी बच्चों से मिले: बोले- बस्तर में डायमंड बहुत, बस सही पॉलिश की जरूरत

दंतेवाड़ा। सचिन तेंदुलकर बुधवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर दंतेवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने आदिवासी बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वे अपने परिवार के साथ प्राइवेट जेट से जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से सीधे छिंदनार गए। पारंपरिक तरीके से सिहाड़ी बीज की माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान सचिन बच्चों के साथ घुलमिल गए और उन्होंने रस्साकशी जैसे खेलों में भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान सचिन ने बस्तर क्षेत्र में खेलों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि यहां प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। “बस्तर में डायमंड बहुत हैं, बस सही पॉलिश की जरूरत है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने घोषणा की कि क्षेत्र में 50 स्कूल मैदान विकसित किए जाएंगे, जिससे बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें। ‘मैदान कप’ प्रतियोगिता के जरिए हजारों बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इस पहल को मांदेशी फाउंडेशन और सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन का सहयोग मिल रहा है, जिससे करीब 5 हजार बच्चों को सीधा लाभ मिलेगा।
सचिन ने अपने अनुभव साझा करते हुए बच्चों को अच्छे इंसान बनने की सीख दी। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने उन्हें जीवन में अच्छा इंसान बनने की सलाह दी थी, ताकि लोग उन्हें हमेशा याद रखें। उन्होंने कहा कि यही उम्र दोस्त बनाने और खेल-कूद में आगे बढ़ने की होती है।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्थाएं भी सामने आईं। भीषण गर्मी में बच्चों को अलग-अलग गांवों से बसों में भरकर लाया गया। बताया गया कि 50 सीटर बस में 100 से ज्यादा बच्चों को बैठाकर लाया गया, जिससे सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रस्तावित दौरा रद्द हो गया। कार्यक्रम के अन्य हिस्सों में भी बदलाव किए गए।





