दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) रविवार को दिल्ली के रोहिणी इलाके में बड़ा आयोजन करने जा रहा है। संघ ने इसका नाम ‘राष्ट्र वंदनम’ रखा है। कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत और भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जगदीश सिंह खेहर शामिल होंगे। आयोजन में अब तक 85 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों और करीब 75 हजार अन्य लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
कार्यक्रम में करीब 9 हजार स्वयंसेवक सामूहिक योगासन करेंगे। वहीं, 800 स्वयंसेवक संघ के पारंपरिक मार्चिंग बैंड की प्रस्तुति देंगे। आयोजन को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इसमें राजनीतिक, औद्योगिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।
संघ के 101 साल पूरे होने पर आयोजन
RSS नेता नरेंद्र ठाकुर के मुताबिक, यह कार्यक्रम संघ की स्थापना के 101 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और अनुशासन का संदेश देना है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी परंपराओं, आत्मनिर्भरता और नशामुक्त समाज जैसे विषयों पर भी जोर दिया जाएगा।
आयोजन के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी का संदेश देने की योजना है।
राम और रावण के प्रसंग पर बोले थे भागवत
इससे पहले 27 नवंबर को दिल्ली में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की किताब ‘करुणानायक राम’ के लोकार्पण कार्यक्रम में मोहन भागवत शामिल हुए थे। उन्होंने कहा था कि रावण ‘मैं और मेरा’ के अहंकार में अटका रहा, जबकि राम सबके हो गए। उन्होंने रावण को अहंकार और राम को करुणा का प्रतीक बताया।
युवाओं को लेकर भी दिया था बयान
25 नवंबर को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पद्मा फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में भागवत ने कहा था कि आज के युवाओं को झूठ पसंद नहीं है और वे सच के साथ खड़े होने को तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि युवा देश को महान बनाना चाहते हैं और गुलामी की सोच से बाहर निकल चुके हैं। भागवत ने यह भी कहा था कि भारत को बाहरी दुश्मनों से ज्यादा अंदरूनी खतरों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।
