रायपुर। छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र में निवेश और महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के प्रभावी दोहन को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार के खान मंत्रालय की ओर से क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त पर रोड शो 31 अगस्त को नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिजॉर्ट में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
रोड शो में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सीएमडीसी अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव, खान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, खनन विशेषज्ञ और उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे।
20 खनिज ब्लॉक्स नीलामी में
भारत सरकार ने 8वीं किश्त के तहत 20 क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स नीलामी के लिए रखे हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स हैं। इनमें ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन जैसे महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं। इनका उपयोग ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, औद्योगिक विकास और रणनीतिक जरूरतों में अहम है।
टिन और ई-रेत सांगवारी पोर्टल लॉन्च होंगे
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा सीएमडीसी और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच एमओयू तथा कोरन्डम कटिंग-पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ एमओयू का आदान-प्रदान होगा।
दोपहर 2 बजे तकनीकी सत्र में खनिज ब्लॉक्स की नीलामी, निवेश और अन्वेषण की संभावनाओं पर चर्चा होगी। उद्योग प्रतिनिधियों और निवेशकों के साथ ओपन हाउस डिस्कशन भी होगा। इसके बाद नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के संचालन की समीक्षा और माइन विजिट प्रस्तावित है।
