सड़क हादसा: बस ने ऑटो को मारी टक्कर, 7 की मौत; 4 बच्चों समेत 6 घायल

पलनाडु। आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। चिलकलूरिपेट मंडल के अड्डा रोड के पास तेज रफ्तार बस ने यात्रियों से भरे ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 1 बजे हुआ। विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही बस चिलकलूरिपेट के पास बाईपास पहुंची थी। यहां बस एक यात्री को लेने के बाद नरसारावपेट बस स्टैंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान कला मंदिर जंक्शन के पास बस की ऑटो-रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई।

गलत दिशा में मुड़ गया था ऑटो

नरसारावपेट के डीएसपी एम. हनुमंत राव ने बताया कि ऑटो में करीब 15 यात्री सवार थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ऑटो सड़क की गलत दिशा में मुड़कर बस के रास्ते में आ गया था। उस समय बस की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे थी। अचानक सामने आए ऑटो से बस की टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

अस्पताल में 3 घायलों ने दम तोड़ा

पुलिस के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। वहीं छह घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें चार बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और वाहनों की स्थिति की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version