रिटायर्ड प्रोफेसर ने बनाया छत्तीसगढ़ का पहला AI प्लेटफॉर्म

रायपुर। छत्तीसगढ़ के टेक एक्सपर्ट और रिटायर्ड प्रोफेसर गौरव तिवारी ने “जेमिनाई GT” नाम का नया AI प्लेटफॉर्म तैयार करने का दावा किया है। उनका कहना है कि यह प्लेटफॉर्म कई मामलों में OpenAI के ChatGPT और Google के Gemini से बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।
गौरव तिवारी रिटायर्ड प्रोफेसर हैं और लंबे समय से आईटी सेक्टर में काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस AI प्लेटफॉर्म को तैयार करने में करीब दो साल की रिसर्च लगी। फिलहाल इसका बीटा वर्जन लॉन्च किया गया है।
गौरव का दावा है कि जेमिनाई GT सेकेंड्स में 8K रिजॉल्यूशन की हाई क्वालिटी इमेज जनरेट कर सकता है। उनके मुताबिक यह प्लेटफॉर्म वेबसाइट डिजाइन, मोबाइल ऐप डेवलपमेंट, फोटो-वीडियो क्वालिटी सुधारने और 3D डिजाइनिंग जैसे कई काम एक ही जगह पर करेगा।
यूजर सिर्फ टेक्स्ट में बताएगा कि उसे कैसी वेबसाइट चाहिए और AI खुद उसका पूरा डिजाइन तैयार कर देगा। उन्होंने बताया कि ट्रायल फेज में करीब 30 हजार लोग इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर चुके हैं। हालांकि सर्वर पर ज्यादा लोड आने के कारण फिलहाल इसे अस्थायी रूप से रोका गया है। अभी यूजर्स 12 तस्वीरें मुफ्त में जनरेट कर सकते हैं।
गौरव के अनुसार यह AI 12 से अधिक भाषाओं में कंटेंट तैयार कर सकता है और लगातार इस्तेमाल के बाद भी इमेज में “ग्लिच” यानी तकनीकी गड़बड़ियां नहीं आएंगी। उनका कहना है कि आने वाले समय में इसे सब्सक्रिप्शन मॉडल पर लॉन्च किया जा सकता है, जहां अलग-अलग फीचर्स के लिए अलग प्लान उपलब्ध होंगे।





