दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में गर्मी से राहत, आज से बदलेगा मौसम

दिल्ली। देश के अलग-अलग राज्यों में गर्मी की मार जारी है। इन दिनों दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में तेज गर्मी पड़ रही है। कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। लेकिन अब राहत वाली खबर है। कई राज्यों का मौसम बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 27 अप्रैल, रविवार को कई राज्यों में बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

दिल्ली में आंधी और बारिश के आसार

दिल्ली में 27 अप्रैल को सुबह तेज धूप रहेगी, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छा सकते हैं। आंधी और हल्की बारिश भी हो सकती है। इससे तापमान थोड़ा कम होगा। कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 28 अप्रैल को भी मौसम थोड़ा बदला-बदला रहेगा। आसमान में आंशिक बादल रहेंगे और तापमान 40 डिग्री के आसपास रहेगा, जिससे लू से थोड़ी राहत मिलेगी।

हरियाणा में जारी है लू का कहर, लेकिन कल से राहत

हरियाणा में इस समय भीषण गर्मी और लू का असर है। पलवल राज्य का सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जहां तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने तीन दिन का येलो अलर्ट जारी किया है।

हालांकि, राहत की बात ये है कि 27 अप्रैल को आसमान में बादल छा सकते हैं, जिससे धूप थोड़ी कम हो सकती है। इस दिन हरियाणा का तापमान 40 डिग्री तक रह सकता है।

28 अप्रैल को फिर से गर्मी बढ़ सकती है और अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है।

Exit mobile version