दिल्ली। दिवाली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए तीन फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है।
ये ट्रेनें उत्तर प्रदेश से मुंबई और गुजरात के वलसाड के बीच चलेंगी। इनका फायदा यूपी के साथ मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के यात्रियों को भी मिलेगा। रेलवे के इस फैसले से कंफर्म टिकट का इंतजार कर रहे यात्रियों को राहत मिल सकती है।
गोमतीनगर-वलसाड स्पेशल
ट्रेन नंबर 05033/05034 गोमतीनगर-वलसाड साप्ताहिक स्पेशल 24 नवंबर तक चलेगी। 05033 गोमतीनगर से प्रत्येक सोमवार दोपहर 2 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 5 बजे वलसाड पहुंचेगी।
वापसी में 05034 वलसाड से मंगलवार रात 10:15 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 2 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। इसके प्रमुख स्टॉपेज में बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, इटावा और टूंडला शामिल हैं। ट्रेन में जनरल, स्लीपर, एसी 2-टियर और एसी 3-टियर कोच लगाए गए हैं।
सुल्तानपुर-LTT स्पेशल
04212 सुल्तानपुर-LTT स्पेशल 21 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार चलेगी। यह सुल्तानपुर से सुबह 4 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) पहुंचेगी। रास्ते में लखनऊ, कानपुर, झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे प्रमुख ठहराव होंगे। वापसी में 04211 LTT-सुल्तानपुर गुरुवार को चलेगी।
वाराणसी-LTT स्पेशल
04226 वाराणसी-LTT स्पेशल 22 अक्टूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार चलेगी। वाराणसी से दोपहर 1:35 बजे रवाना होकर यह अगले दिन दोपहर 2 बजे LTT पहुंचेगी। जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी, भोपाल और इटारसी इसके प्रमुख स्टॉपेज हैं। वापसी ट्रेन 04225 शुक्रवार को चलेगी। दोनों ट्रेनों में 20 LHB कोच होंगे।
