108 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस का फूड लाइसेंस सस्पेंड

किचन और स्टोरेज एरिया में कॉकरोच-मक्खियां मिलीं; फ्रिज में मांस का खून, 35 में से 34 कर्मचारियों ने नहीं ली फूड सेफ्टी ट्रेनिंग
मुंबई। मुंबई के मशहूर 108 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस का फूड लाइसेंस महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तत्काल सस्पेंड कर दिया है। 16 सितंबर को एक ग्राहक की शिकायत के बाद FDA की टीम ने कोलाबा स्थित रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन और खाने के स्टोरेज से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आईं।
FDA के मुताबिक फूड स्टोरेज एरिया और किचन में यूरिनल मिला। यहां कॉकरोच और मक्खियां भी पाई गईं। फ्रिज में मांस का खून मिला। कच्चे वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं थी। जांच के दौरान कुछ खाना फर्श पर रखा हुआ भी मिला।
बर्तन धोने की जगह और चॉपिंग बोर्ड भी खराब
जांच में गंदे पानी के इस्तेमाल और अस्वच्छ तरीके से खाना बनाने की बात सामने आई। बर्तन धोने की जगह गंदी थी, जबकि लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड भी खराब हालत में मिले। कर्मचारियों के लिए जरूरी सुरक्षात्मक कपड़े भी उपलब्ध नहीं थे।
रेस्टोरेंट में कुल 35 फूड हैंडलर काम करते हैं। FDA के अनुसार इनमें से 34 कर्मचारियों ने जरूरी फूड सेफ्टी ट्रेनिंग नहीं ली थी। जांच के दौरान पानी की अनिवार्य रिपोर्ट और सैनिटेशन रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिले।
दोबारा जांच के बाद ही लाइसेंस बहाली
इन कमियों के आधार पर FDA ने फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। लाइसेंस बहाल होने तक रेस्टोरेंट खाना खरीदने, बनाने, स्टोर करने, बेचने या बांटने का काम नहीं कर सकता। कमियां दूर करने के बाद FDA की दोबारा जांच होगी।





