जयपुर में सजा राजस्थान रॉयल्स का डेरा,वैभव का देसी अंदाज और संगकारा की रणनीति

दिल्ली। आईपीएल के आगामी सीजन की सुगबुगाहट के साथ ही गुलाबी नगरी जयपुर में क्रिकेट का रोमांच सिर चढ़कर बोलने लगा है। राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाड़ियों का अपने घरेलू मैदान, सवाई मानसिंह (SMS) स्टेडियम पर जुटना शुरू हो गया है।
सोमवार सुबह जब टीम के सबसे युवा सनसनी, वैभव सूर्यवंशी, एयर इंडिया की फ्लाइट से जयपुर पहुंचे, तो एयरपोर्ट पर नजारा देखने लायक था। 13 वर्षीय वैभव टी-शर्ट के ऊपर देसी अंदाज में गमछा डाले नजर आए, जिसने फैंस और मीडिया का ध्यान तुरंत अपनी ओर खींच लिया।
संगकारा की कमान और अभ्यास का आगाज
टीम के मुख्य कोच और दिग्गज क्रिकेटर कुमार संगकारा रविवार शाम ही जयपुर पहुंच चुके हैं। संगकारा मंगलवार से अभ्यास सत्र (Practice Session) की कमान संभालेंगे। उनकी देखरेख में खिलाड़ी अपनी तकनीक और रणनीतियों को धार देंगे। इस बार संगकारा का लक्ष्य न केवल खिलाड़ियों को शारीरिक रूप से फिट रखना है, बल्कि मानसिक रूप से भी खिताबी जंग के लिए तैयार करना है।
जडेजा की एंट्री और सैमसन की कमी
इस सीजन में टीम का समीकरण काफी बदला हुआ नजर आ रहा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा सड़क मार्ग से जयपुर पहुंच चुके हैं। जहां एक ओर जडेजा की उपस्थिति से टीम का मध्यक्रम और गेंदबाजी पक्ष मजबूत हुआ है। वहीं दूसरी ओर फैंस को संजू सैमसन की कमी खलेगी।
संजू इस बार चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं। उनकी गैरमौजूदगी में जडेजा के अनुभव पर टीम को संतुलित करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। राजस्थान रॉयल्स के अन्य विदेशी और घरेलू खिलाड़ी भी अगले 24 घंटों में जयपुर पहुंच जाएंगे। फैंस को उम्मीद है कि इस बार नई रणनीति और नए चेहरों के साथ टीम खिताबी सूखा खत्म करने में कामयाब रहेगी।





