ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

उधारी चुकाने के लिए छाप रहे थे नकली नोट, 12.50 लाख की जाली करेंसी के साथ 3 गिरफ्तार; कलर प्रिंटर और कार जब्त

कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने नकली नोट छापकर बाजार में खपाने की तैयारी कर रहे स्थानीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इनके कब्जे से 12.50 लाख रुपए के नकली नोट, कलर प्रिंटर, मोबाइल फोन और टाटा पंच ईवी कार बरामद की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने उधारी चुकाने के लिए नकली नोट छापने का रास्ता अपनाया था।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश कुमार, रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के रूप में हुई है। कार्रवाई थाना बोड़ला, चौकी पोंडी और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

4.50 लाख के नकली नोट देने से खुला राज

मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपियों ने पुरानी उधारी चुकाने के लिए पीड़ित दिनेश कुमार यादव को 4.50 लाख रुपए के नकली नोट दिए। 9 अगस्त को नोट मिलने के बाद पीड़ित को उनकी असलियत पर संदेह हुआ। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंच गई।

जांच में पुलिस को नकली नोट तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाला कलर प्रिंटर और अन्य सामान भी मिला। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल शुरू कर दी है।

जुलाई से किराए के कमरे में छाप रहे थे नोट

पुलिस के अनुसार आरोपी जुलाई 2026 से नए बस स्टैंड के पास एक किराए के कमरे में नकली नोट तैयार कर रहे थे। इसके लिए कलर प्रिंटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोपियों की योजना जाली नोटों को अलग-अलग लेन-देन में खपाने की थी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि नकली नोट कहां-कहां खपाए गए और इस नेटवर्क में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति जुड़ा है या नहीं।

बाहरी गिरोह की भूमिका की भी जांच

कबीरधाम एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नकली नोट के नेटवर्क को पकड़ना पुलिस की बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल बाहरी गिरोह की भूमिका सामने नहीं आई है, लेकिन आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है।

Related Articles

Back to top button