StateNewsदेश - विदेश

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, उत्तराखंड में -16°C; MP-UP में घना कोहरा

दिल्ली। उत्तर भारत में पहाड़ों में बर्फबारी और शुष्क हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजस्थान में फतेहपुर का न्यूनतम तापमान -2°C और नागौर -1°C दर्ज हुआ। माउंट आबू और सीकर में पानी जमने और ओस जमा होने की खबरें आईं।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण पानी जम गया है। पिथौरागढ़ के आदि कैलाश और रुद्रप्रयाग के केदारनाथ धाम में तापमान -16°C दर्ज हुआ।

मध्य प्रदेश में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र और इंदौर-भोपाल में रात का तापमान 10°C से नीचे बना रहा। घना कोहरा छाया और विजिबिलिटी 20 मीटर से कम रही। अगले चार दिन भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में मेरठ का तापमान 4.1°C रहा। नोएडा में 15 जनवरी, गोरखपुर-आगरा में 13 और मेरठ में 12 जनवरी तक 8वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। गाजियाबाद में 5वीं तक स्कूल 15 जनवरी तक बंद रहेंगे।

बिहार में पांच जिलों में न्यूनतम तापमान 6°C और 11 जिलों में 8°C दर्ज हुआ। राज्य के 24 जिलों में घने कोहरे और कोल्ड-डे का ऑरेंज अलर्ट, 14 जिलों में यलो अलर्ट है।

दिल्ली में पारा 3°C से नीचे गिरकर 13 साल के रिकॉर्ड को तोड़ गया। पालम एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 3°C दर्ज हुआ।

पंजाब-चंडीगढ़ में बठिंडा का न्यूनतम तापमान 1.6°C, हिमाचल प्रदेश में कुकुमसैरी का तापमान -10.8°C रहा। हिमाचल के 16 जनवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग ने 13-14 जनवरी के लिए पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और मैदानी राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण भारत में तेलंगाना और पुडुचेरी में भारी बारिश का अनुमान है। उत्तर भारत में ठंड और घना कोहरा अगले दो-तीन दिन तक जारी रह सकता है।

Related Articles

Back to top button