रायपुर शहर काजी बर्खास्त: महिलाओं से अश्लील बातें और ‘फ्रेंडशिप’ के नाम पर प्रताड़ना का आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित धार्मिक पद पर आसीन शहर काजी आरिफ अली फारूकी को महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करने और पद की गरिमा को तार-तार करने के गंभीर आरोपों में बर्खास्त कर दिया गया है। बैजनाथपारा स्थित मदरसा इस्लाहुल मुस्लेमीन यतीमखाना के इस पदाधिकारी पर वक्फ बोर्ड और समाज प्रमुखों ने कड़ी कार्रवाई की है।
देर रात फोन कर अश्लील बातें और दोस्ती का दबाव
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित महिला ने परिजनों के साथ मिलकर वक्फ बोर्ड में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, आरिफ अली फारूकी महिलाओं को रात के 1 बजे फोन करता था और उन पर ‘फ्रेंडशिप’ करने का दबाव बनाता था। आरोपी काजी फोन पर अश्लील बातें करता था और महिलाओं को उनके पति से तलाक करवा देने का लालच देता था।
आपातकालीन बैठक में लिया गया फैसला
मामले की गंभीरता को देखते हुए 31 मार्च 2026 को रायपुर के प्रमुख उलेमाओं और आइम्मा-ए-इक्राम की एक आपातकालीन बैठक बुलाई गई। बैठक में कारी इमरान, अब्दुल रज्जाक और अन्य दिग्गजों ने साक्ष्यों पर चर्चा की। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर आरिफ अली फारूकी को तत्काल प्रभाव से शहर काजी के पद से बर्खास्त कर दिया गया।





