गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खुले, महानदी किनारे प्रशासन अलर्ट

शिवरीनारायण में मोटर बोट के साथ DDRF तैनात; घाट-पुलों पर बैरिकेडिंग, तटीय गांवों में मुनादी के निर्देश
रायपुर। गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने और जांजगीर-चांपा जिले में लगातार बारिश के बीच महानदी के तटीय इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कलेक्टर और एसपी ने शिवरीनारायण समेत संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर नदी के जलस्तर, बहाव और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत-बचाव शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिवरीनारायण में मोटर बोट के साथ टीम तैनात
संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए होमगार्ड जवानों की DDRF की दो टीमें तैयार रखी गई हैं। एक टीम को मोटर बोट और जरूरी बचाव उपकरणों के साथ शिवरीनारायण में तैनात किया गया है, जबकि दूसरी टीम को जिला मुख्यालय में रिजर्व रखा गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता के लिए SDRF बिलासपुर से भी लगातार समन्वय किया जा रहा है।
घाट और पुलों पर बैरिकेडिंग
कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण बैराज, घाट, पुल, सांस्कृतिक भवन और बसंतपुर बैराज सहित संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। घाटों और पुलों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी पुल या पुलिया पर पानी का बहाव आवागमन के लिए खतरनाक होने पर तत्काल यातायात नियंत्रित किया जाए और जरूरत पड़ने पर आवाजाही बंद की जाए।
तटीय गांवों में मुनादी
महानदी किनारे बसे गांवों और पूर्व में जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को संभावित जलभराव की जानकारी मुनादी के जरिए देने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से नदी, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए जोखिम न उठाने और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने कहा गया है। फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य बताई गई है, लेकिन प्रशासन लगातार जलस्तर और बहाव की निगरानी कर रहा है।





