छत्तीसगढ़ में 3 दिन और बरसेंगे बादल: उत्तर के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 8 अगस्त से कमजोर पड़ेगा मानसून

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। हालांकि, 8 अगस्त के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों और उसकी तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मानसून सामान्य स्थिति में बना हुआ है। 1 जून से 5 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में औसतन 589.3 मिमी (23.2 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 634.9 मिमी (25 इंच) मानी जाती है। यानी अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जिसे विभाग ने अब भी सामान्य श्रेणी में रखा है।
पिछले दिनों हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। रायपुर के विधानसभा क्षेत्र स्थित गैलेक्सी ग्रीन सोसायटी में जलभराव की स्थिति बनी रही। वहीं, 27 जुलाई को साहनी घाट में बहे एक मछुआरे का शव आठ दिन बाद 4 अगस्त को बरामद किया गया।
तापमान की बात करें तो बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ एक-दो दौर की बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों पर नहीं जाने और नदी-नालों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग का कहना है कि 8 अगस्त के बाद मानसून की सक्रियता धीरे-धीरे कमजोर होगी, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दायरा और तीव्रता कम हो जाएगी।



