दिल्ली। दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय है। राजधानी में पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर बारिश हो रही है।
अगस्त के शुरुआती 8 दिनों में दिल्ली में 230.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पूरे अगस्त की सामान्य औसत बारिश 226.8 मिमी से ज्यादा है। 2024 के बाद अगस्त में यह सबसे अधिक बारिश है।
लगातार बारिश से कालिंदी कुंज बॉर्डर, ITO, प्रेस एन्क्लेव मार्ग, गीतांजलि मार्ग और महरौली-बदरपुर रोड समेत कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी।
राजस्थान में तापमान 6 डिग्री तक गिरा
राजस्थान के कई जिलों में बारिश जारी है। जयपुर, भरतपुर, करौली और अलवर में बारिश दर्ज हुई। कई शहरों में तापमान में 6 डिग्री तक गिरावट आई। कोटपूतली-बहरोड़ के पास जयपुर-दिल्ली हाईवे पर पानी भर गया। भरतपुर में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहे, जबकि चूरू की कई कॉलोनियां जलमग्न हो गईं।
अमरनाथ यात्रा समय से पहले खत्म
जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश और लैंडस्लाइड के चलते बाबा अमरनाथ यात्रा तय समय से करीब 20 दिन पहले समाप्त करने का फैसला लिया गया है। जो श्रद्धालु फिलहाल यात्रा पर हैं, उनकी यात्रा पूरी कराई जाएगी, लेकिन नए जत्थे नहीं भेजे जाएंगे। अब तक 4.8 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। जम्मू संभाग में 9 से 11 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
कई राज्यों में अलर्ट
उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। बिहार के 20 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश के दतिया, रीवा और सीधी में भारी बारिश का अलर्ट है।
नगालैंड के दीमापुर में बाढ़ के दौरान करंट लगने से एक कॉलेज छात्र की मौत हो गई। SDRF ने 9 लोगों को सुरक्षित निकाला। अगले दो दिनों में राजस्थान, हिमाचल और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, असम और मेघालय में भी तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
