बिलासपुर/रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए अगस्त में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल में ट्रेनों और रेलवे परिसरों में सघन जांच की गई। अभियान में 60,822 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उनसे कुल 4 करोड़ 19 लाख 31 हजार 888 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे के मुताबिक अभियान का उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए प्रेरित करना और रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करना था। अलग-अलग ट्रेनों और स्टेशनों पर जांच टीमों ने यात्रियों के टिकट की जांच की। बिना टिकट या निर्धारित नियमों के विपरीत यात्रा करते मिले यात्रियों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया।
ज्यादा लगेज लेकर चलने वालों पर भी नजर
टिकट जांच के दौरान ऐसे यात्रियों की भी जांच की गई, जो बिना उचित टिकट के निर्धारित सीमा से अधिक सामान लेकर यात्रा कर रहे थे। रेलवे ने ऐसे यात्रियों को अतिरिक्त लगेज की नियमानुसार बुकिंग कराने के लिए जागरूक किया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि टिकट जांच केवल जुर्माना वसूलने तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना और सभी के लिए व्यवस्थित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा सुनिश्चित करना भी है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान हमेशा वैध और उचित टिकट लेकर चलें। निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर उसे रेलवे के नियमों के अनुसार बुक कराएं।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यात्रियों से जांच कर्मचारियों के साथ सहयोग करने और रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनी रहे।
