ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर साहित्य उत्सव 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप, व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित होने जा रहे रायपुर साहित्य उत्सव 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

इसी क्रम में नवा रायपुर स्थित संवाद भवन में रायपुर साहित्य उत्सव आयोजन समिति की एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों की सहभागिता, साहित्यिक सत्रों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पुस्तक मेले तथा प्रचार-प्रसार की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की बौद्धिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।

उल्लेखनीय है कि नवा रायपुर अटल नगर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में 23 से 25 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव आयोजित किया जाएगा।

इस दौरान देशभर के प्रसिद्ध साहित्यकार, कवि, लेखक, पत्रकार, विचारक और युवा रचनाकार सहभागिता करेंगे। उत्सव में साहित्यिक संवाद, पुस्तक विमोचन, विचार-मंथन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कला प्रस्तुतियां होंगी।

बैठक में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शंशाक शर्मा, जिला पंचायत रायपुर के सीईओ विश्वरंजन, अपर संचालक जनसंपर्क उमेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button