ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पॉवर कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा को प्रबंध निदेशक पदक, ‘सफलता का सफरनामा’ के लिए सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रबंध निदेशक पदक से सम्मानित किया गया है। उन्हें पॉवर कंपनी के गौरवशाली इतिहास, विकास यात्रा, उपलब्धियों, वर्तमान कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं को समाहित करते हुए तैयार की गई पुस्तक ‘सफलता का सफरनामा’ के संकलन, लेखन और संपादन के लिए यह सम्मान मिला है।

पॉवर कंपनी मुख्यालय में आयोजित वार्षिक सम्मान समारोह में प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने विकास शर्मा को पदक और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। इस दौरान प्रबंध निदेशक ने उनके साहित्यिक एवं संस्थागत योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘सफलता का सफरनामा’ पॉवर कंपनी की विकास यात्रा और उपलब्धियों को दस्तावेज के रूप में सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

10 महीने की मेहनत से तैयार हुई पुस्तक

विकास शर्मा ने बताया कि पुस्तक को अंतिम रूप देने में करीब 10 महीने का समय लगा। इस दौरान कंपनी के इतिहास, उपलब्धियों और कार्यप्रणाली से जुड़ी सामग्री जुटाने, उसके संकलन और संपादन में लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने पुस्तक तैयार करने के दौरान अधिकारियों और सहकर्मियों से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रीय स्तर पर भी मिल चुका है पुरस्कार

‘सफलता का सफरनामा’ पुस्तक के लेखन के लिए विकास शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिल चुका है। पब्लिक रिलेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) की ओर से उन्हें इस पुस्तक के लिए राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया था।

पॉवर कंपनी के वार्षिक सम्मान समारोह में मिले प्रबंध निदेशक पदक को उनके रचनात्मक और संस्थागत कार्यों की एक और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुस्तक के माध्यम से पॉवर कंपनी के अतीत से लेकर वर्तमान और भविष्य की योजनाओं तक की यात्रा को एक जगह संजोने का प्रयास किया गया है। इससे संस्थान के इतिहास और विकास को समझने में भी मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button