ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

धान की अंतर राशि पर सियासत: ‘विष्णु के सुशासन में भूपेश भी हुए मालामाल’, CM के सलाहकार पंकज झा का तीखा तंज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में होली से पहले किसानों के खाते में धान की अंतर राशि (बोनस) पहुंचने के साथ ही जुबानी जंग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के सलाहकार पंकज झा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें भाजपा सरकार की योजना का ‘सबसे बड़ा लाभार्थी’ बताया है। झा ने सोशल मीडिया पर तंज कसा कि जो न्याय बघेल अपनी सरकार में नहीं पा सके, वह उन्हें साय सरकार में मिला है।

‘सुशासन में विरोधियों को भी मिलता है न्याय’

पंकज झा ने फेसबुक पोस्ट के जरिए कहा कि सच्चा सुशासन वही है जो बिना किसी भेदभाव के सबको न्याय दे। उन्होंने लिखा, “कल विष्णुदेव साय सरकार ने किसानों को एकमुश्त भुगतान किया है। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि इस योजना के शीर्ष लाभार्थियों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हैं। उन्हें भाजपा सरकार में स्वयं मुख्यमंत्री रहने की तुलना में अधिक ‘न्याय’ मिला है।”

कांग्रेस की ‘किस्तों’ वाली राजनीति पर हमला

पंकज झा ने कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भूपेश बघेल के समय किसानों को राशि टुकड़ों में मिलती थी। उन्होंने कटाक्ष किया, “जब-जब राहुल गांधी के परिवार से कोई वसूली करने आता था, तब स्वयं राशि लेने का आदेश जारी होता था। तब वे ढोल पीटकर किस्तों में भुगतान करते थे, लेकिन अब होली के मौके पर एकमुश्त करमुक्त राशि मिलने पर उन्हें भाजपा सरकार का कृतज्ञ होना चाहिए।”

बिना भेदभाव 10 हजार करोड़ का भुगतान

मुख्यमंत्री के सलाहकार ने बताया कि साय सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के समय कीमतें 25 प्रतिशत कम थीं और अंतिम किस्तें तो सरकार ‘डकार’ गई थी। उन्होंने पोस्ट में यह भी दर्शाया कि बघेल परिवार को कितनी बड़ी राशि मिली है। अंत में झा ने लिखा, “पैसे लेने के बाद कांग्रेस तो धन्यवाद देगी नहीं, इसलिए मैं ही उनकी तरफ से सरकार का अभिनंदन कर लेता हूं।”

Related Articles

Back to top button